अमित शर्मा/ बरेली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से निर्मित बेसिका की शैक्षिक यात्रा के क्रम में प्राथमिक विद्यालय पुरनापुर में सीखने की रचनात्मक और आनंदमय तस्वीर देखने को मिली। बेसिका ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता के साथ विद्यालय का भ्रमण किया और बच्चों की शैक्षिक गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यालय में बच्चों की रचनात्मक गतिविधियां, आकर्षक शिक्षण अधिगम सामग्री , पर्यावरण आधारित गतिविधियां और सीखने के प्रति उनका उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा पढ़ाई को रुचिकर और गतिविधि आधारित बनाने के प्रयासों की भी सराहना की गई। बीएसए डॉ. विनीता ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और उनकी गतिविधियों को देखा। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षकों को भी बेहतर शैक्षिक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।बेसिका के अनुसार, जब बच्चों को सीखने के साथ-साथ प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलते हैं, तो शिक्षा अधिक प्रभावी और आनंदमय बनती है। पुरनापुर विद्यालय की यह यात्रा बेसिक शिक्षा में नवाचार, रचनात्मकता और बच्चों की सक्रिय भागीदारी की तस्वीर पेश करती नजर आई।














