दो दिवसीय दौरे में रात्रि प्रवास, पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का करेंगे अनावरण, मंडल की समीक्षा बैठक के साथ भाजपा नेताओं से भी करेंगे मंथन
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दो दिवसीय बरेली दौरा इस बार सिर्फ प्रशासनिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा। शहर में चर्चा इस बात की भी है कि बरेली की पहचान बन चुकी मशहूर मिठाइयों की मिठास से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। यदि कार्यक्रम अंतिम रूप लेता है तो मुख्यमंत्री बरेली के खास स्वाद का आनंद लेते नजर आ सकते हैं।
मुख्यमंत्री 29 जून को बरेली पहुंचेंगे और यहीं रात्रि प्रवास करेंगे। इसी दिन वह पीलीभीत और मुरादाबाद के कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। 30 जून को उनका दिन पूरी तरह बरेली के नाम रहेगा। स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम में वह सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद मंडल के चारों जिलों-बरेली, पीलीभीत, रामपुर और बदायूं-की विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री बरेली विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, विशेषकर रामायण वाटिका पार्क की प्रगति का भी जायजा ले सकते हैं। इसके अलावा शहर के लिए कई नई विकास योजनाओं की घोषणा अथवा लोकार्पण की भी संभावना जताई जा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास और राजनीति, दोनों लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भाजपा के जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ अलग बैठक भी कर सकते हैं। इसमें संगठन की तैयारियों, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, कार्यक्रम स्थलों की साज-सज्जा और प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों की लगातार बैठकें चल रही हैं ताकि दौरा पूरी तरह सफल और व्यवस्थित रहे।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री 29 जून को दो दिवसीय दौरे पर बरेली आ रहे हैं। इस दौरान वह पीलीभीत और मुरादाबाद के कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। 30 जून को स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम में कथावाचक पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।













