610 ग्राम सोना और दो लाख हड़पने का आरोप, मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस अधिकारीयों से लगाई गुहार

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली कोतवाली में पुलिस के सामने हुई बातचीत के दौरान धमकी देने और आरोपी के फरार होने का दावा, अपर मुख्य सचिव और एडीजी से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

बरेली। शहर के एक सर्राफा कारोबारी ने करोड़ों रुपये मूल्य का 610.150 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद हड़पने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय तक गुहार लगाई है। कारोबारी का आरोप है कि कोतवाली थाने में पुलिस की मौजूदगी में आरोपी पक्ष ने उसे धमकाया और मुख्य आरोपी मौका पाकर थाने से फरार हो गया। पीड़ित ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मदारी गेट निवासी सर्राफा कारोबारी नवदीप रस्तोगी ने अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री), अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन समेत अन्य अधिकारियों को भेजी शिकायत में कहा है कि प्रदीप अग्रवाल ने व्यापार के नाम पर उनसे 610.150 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद लिए थे, लेकिन बाद में वापस करने से इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार इस लेन-देन से संबंधित पर्ची भी उनके पास सुरक्षित है।

पीड़ित का कहना है कि मामले की शिकायत के बाद 2 मई 2026 को कोतवाली थाने में दोनों पक्षों को बुलाया गया था। करीब ढाई घंटे चली बातचीत के दौरान जब सच सामने लाने की बात हुई तो आरोपी पक्ष पर दबाव बढ़ा। इसी दौरान आरोपी के साथ आए एक व्यक्ति ने पुलिस के सामने ही उन्हें धमकाया और मुख्य आरोपी बच्चे को बुलाने का बहाना बनाकर थाने से निकल गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी प्रभावशाली होने के कारण अब तक उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि 4 मई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की गई थी, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।

कारोबारी ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है। उन्होंने शासन स्तर पर निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें