अतिक्रमण पर चला डंडा, संदिग्ध लोगों और वाहनों की भी हुई जांच; दलाल मिले तो होगी कार्रवाई
बरेली। आरटीओ कार्यालय को दलालों और बिचौलियों से मुक्त कराने के लिए सोमवार को परिवहन विभाग ने कार्यालय के बाहर और आसपास सघन अभियान चलाया। अभियान में 10 अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाया गया। कुछ जगहों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई। संदिग्ध रूप से खड़े वाहनों और अनधिकृत गतिविधियों की भी जांच की गई।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) पंकज सिंह और संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा के नेतृत्व में चले अभियान में कार्यालय के मुख्य गेट के आसपास लगे खोखे और अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। अधिकारियों ने साफ कहा कि कार्यालय परिसर या उसके आसपास दलाली करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कैमरों से होगी निगरानी
अधिकारियों ने कार्यालय के सभी सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने और रोज रिकॉर्डिंग की निगरानी करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग ने कहा कि कार्यालय को पूरी तरह पारदर्शी और दलाल-मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी चलता रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट समेत अन्य कामों के लिए दलालों के चक्कर में न पड़ें। विभाग की ज्यादातर सेवाएं ऑनलाइन हैं। लोग जनसेवा केंद्र, ऑनलाइन पोर्टल या विभागीय काउंटर से सीधे काम करा सकते हैं। अभियान में एआरटीओ प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, एआरटीओ प्रवर्तन वैभव सोती, यात्री/मालकर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति और अजीत प्रताप सिंह समेत प्रवर्तन दल के कर्मचारी मौजूद रहे।














