कर्मचारियों को 60% डीए, पेंशनरों को महंगाई राहत, कारगिल चौक का भी होगा कायाकल्प
अमित शर्मा/बरेली। छावनी क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे को आधुनिक रूप देने की दिशा में शुक्रवार को कई अहम फैसले लिए गए। ब्रिगेडियर एपीएस भदौरिया की अध्यक्षता में हुई छावनी बोर्ड की बैठक में सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता, यातायात और पर्यावरण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सीईओ डॉ. तनु जैन और नामित सिविल सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल मौजूद रहे।
बोर्ड ने कर्मचारियों को एक जनवरी 2026 से 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता और पेंशनरों को 60 प्रतिशत महंगाई राहत देने का फैसला किया। लेखा नगर में इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़क, सदर बाजार में पैदल मार्गों का सुधार, प्री-कास्ट ड्रेन कवर, डेकोरेटिव इलेक्ट्रिक पोल के साथ विभिन्न स्थानों पर रोड साइन, जेब्रा क्रॉसिंग और रोड मार्किंग के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए।
जलापूर्ति व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए स्कॉडा आधारित आधुनिकीकरण योजना को मंजूरी मिली। इसके अलावा मल्टीलेवल पार्किंग और आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में अकादमिक ब्लॉक व आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने तथा प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी की जिम्मेदारी ब्रिज एंड रूफ कंपनी को सौंपने पर सहमति बनी। बोर्ड ने फाइल कॉम्पैक्टर, ऑनलाइन यूपीएस, सीसीटीवी स्टोरेज, स्वच्छता वाहन और ट्री प्रूनिंग मशीन की खरीद को भी मंजूरी दी। आउटसोर्स मानवबल, रिसाइकिल योग्य कचरे की नीलामी और ओडीएफ प्लस-प्लस प्रमाणन के लिए आवेदन को स्वीकृति दी गई। वहीं कारगिल चौक के पुनर्विकास के लिए एनओसी जारी कर छावनी क्षेत्र के कायाकल्प की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया।














