अमित शर्मा /बरेली। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के पावन दौर में बरेली मंडल को नए मंडलायुक्त के रूप में शंभू कुमार मिले हैं। संयोग यह है कि भगवान शिव के एक नाम ‘शंभू’ से जुड़ा नाम रखने वाले अधिकारी ने ऐसे समय में कार्यभार संभाला है, जब पूरा मंडल शिवभक्ति और कांवड़ यात्रा की आस्था में सराबोर है। इसे लोग आस्था और प्रशासन के सुंदर संगम के रूप में भी देख रहे हैं।
वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी शंभू कुमार ने हाल ही में मंडलायुक्त का पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, कानून-व्यवस्था की मजबूती और विकास कार्यों की गति उनकी प्राथमिकता होगी। वर्तमान में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा, यातायात तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रावण के इस पावन माह में ‘शंभू’ नाम के अधिकारी के नेतृत्व में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन होना अपने आप में एक सुखद और प्रतीकात्मक संयोग माना जा रहा है।














