बरेली। ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अपनी विभिन्न आवासीय योजनाओं और परियोजनाओं में 7300 पौधों का रोपण कराया। सेक्टर-8 स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय परिसर में भी विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बिथरी चैनपुर के विधायक राघवेंद्र शर्मा, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह और बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। बीडीए की ओर से कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने के लिए भविष्य में भी जनसहभागिता के साथ ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।













