बरेली। प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान के तहत रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) बरेली जोन रमित शर्मा ने पुलिस कार्यालय परिसर में अशोक का पौधा लगाया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि पेड़ केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसे पेड़ बनने तक उसकी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य देगा।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण धरती का श्रृंगार ही नहीं, बल्कि उसके प्रति हमारा सम्मान भी है। यदि हर नागरिक अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।













