बरेली। रसायन विभाग में कर्मचारी कल्याण सेवा समिति से जुड़े कर्मचारियों ने शुक्रवार को आम सभा कर अपनी समस्याओं और वेतन बढ़ोतरी के मुद्दे पर खुलकर आवाज उठाई। सभा की अध्यक्षता श्री चंद्रकेश ने की। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस राहत नहीं मिली है।
कर्मचारियों ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी मांग वेतन में बढ़ोतरी की है। जो भी व्यक्ति कर्मचारियों के वेतन की बात करेगा, कर्मचारी उसके साथ खड़े होंगे। कर्मचारियों ने यह भी मांग की कि उनकी समस्याओं को लेकर माननीय सचिव महोदय से वार्ता की जाए और बातचीत के माध्यम से लंबित समस्याओं का समाधान कराया जाए।
आम सभा में कर्मचारियों ने कहा कि अब तक शिकायतें करने से उन्हें कोई ठोस लाभ नहीं मिला। वेतन बढ़ोतरी भी नहीं हुई और कर्मचारियों को नुकसान के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। इसको लेकर कर्मचारियों में नाराजगी दिखाई दी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कर्मचारी कल्याण सेवा समिति का चुनाव अक्टूबर माह में कराया जाएगा। चुनाव को लेकर कर्मचारियों ने संगठन को सक्रिय और मजबूत करने पर भी जोर दिया।
आम सभा में सत्यपाल, मदनलाल, वीर कुमार, राजकुमार, रामबाबू, रंजीत, धर्मेंद्र, दयाशंकर, कुलदीप, विजयपाल, आजम, ओम प्रकाश, भीकम सिंह, जयप्रकाश पाठक, बबलू समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।














