नो व्हीकल डे पर बरेली कॉलेज में बवाल, प्राचार्य का घेराव

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिक्षकों-कर्मचारियों ने तीन दिन का दिया अल्टीमेटम, आदेश वापस न हुआ तो हड़ताल की चेतावनी

बरेली। बरेली कॉलेज में नो व्हीकल डे लागू करने को लेकर शुक्रवार को शिक्षकों और कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी ने बैठक करने के बाद प्राचार्य का घेराव कर दिया। इस दौरान प्राचार्य की गाड़ी कॉलेज परिसर में देखकर शिक्षक और कर्मचारी और भड़क गए। उन्होंने कहा कि जब नियम बनाया गया है तो वह सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए।

शिक्षकों ने प्राचार्य के सामने ही सवाल उठाया कि नियम छात्रों के कहने पर लागू किए जा रहे हैं तो शिक्षकों और कर्मचारियों के सम्मान का क्या होगा। उनका कहना था कि इस तरह के फैसले शिक्षकों पर थोपे जाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हंगामे के बीच प्राचार्य ने अपनी गाड़ी हटवाने के निर्देश दिए। इसके बाद माहौल कुछ शांत हुआ, लेकिन शिक्षकों और कर्मचारियों का आक्रोश बरकरार रहा। विरोध कर रहे शिक्षकों ने प्राचार्य को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी कि इस अवधि में नो व्हीकल डे का आदेश वापस नहीं लिया गया तो शिक्षक और कर्मचारी कॉलेज में हड़ताल पर चले जाएंगे।

शिक्षकों ने कहा कि हड़ताल की स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। विरोध प्रदर्शन में डॉ. राजेंद्र सिंह, संजीव रघुवंशी, क्षमा द्विवेदी, ओंकार सिंह समेत कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें