बरेली। पर्यटन प्रेमियों और कारोबारियों के लिए बड़ी खुशखबरी जल्द सामने आ सकती है। बरेली एयरपोर्ट से गोवा के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीदें फिर मजबूत होती दिखाई दे रही हैं। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और पर्यटन स्थलों के लिए बढ़ती मांग को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन भविष्य में गोवा उड़ान शुरू करने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। यदि यह योजना साकार होती है तो बरेली मंडल के लाखों लोगों को गोवा पहुंचने के लिए दिल्ली और अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
सोमवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर बरेली एयरपोर्ट विकास, उपलब्धियों और यात्री सम्मान का केंद्र बना रहा। एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। सफाई कर्मियों और महिला कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट परिसर में पौधारोपण किया गया, जबकि “वंदे मातरम्” थीम पर आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रियों के लिए निबंध प्रतियोगिता और ग्राहक सेवा से जुड़ी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि बरेली एयरपोर्ट ने सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता के मामले में नई पहचान बनाई है। प्रदेश के एयरपोर्टों में इसे यात्री सुविधाओं के आधार पर प्रथम स्थान मिला है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह सातवें स्थान पर पहुंच गया है। पांच में से 4.93 अंक हासिल कर एयरपोर्ट ने उत्कृष्ट सेवाओं का रिकॉर्ड कायम किया है।
2021 से लगातार बढ़ रहा हवाई सफर का ग्राफ
8 मार्च 2021 को शुरू हुई हवाई सेवाओं के बाद से बरेली एयरपोर्ट लगातार तरक्की की राह पर है। वर्ष 2024-25 में 1,21,843 यात्रियों ने यहां से सफर किया था, जबकि हालिया आंकड़ों के अनुसार यह संख्या बढ़कर 1,28,170 तक पहुंच गई है। बढ़ती यात्री संख्या एयरपोर्ट की लोकप्रियता और बेहतर होती सुविधाओं की गवाही दे रही है।
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और जेवर से जुड़ा बरेली
फिलहाल बरेली एयरपोर्ट से नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और जेवर (नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट) के लिए नियमित उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि यात्रियों की मांग इसी गति से बढ़ती रही तो गोवा सहित अन्य प्रमुख पर्यटन और व्यावसायिक शहरों को भी जल्द नेटवर्क में शामिल किया जा सकता है।
गोवा उड़ान की चर्चा से यात्रियों में उत्साह
गोवा के लिए संभावित सीधी उड़ान की खबर से यात्रियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि अभी गोवा जाने के लिए उन्हें दिल्ली या अन्य शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। बरेली से सीधी उड़ान शुरू होने पर पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।














