बरेली में 6 से 15 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्कूलों से लेकर बाजारों तक तिरंगे की दिखेगी धूम, शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान, सेल्फी अभियान भी चलेगा

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में 6 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ बड़े स्तर पर चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डूडा और डीसी एनआरएलएम को तिरंगे तैयार कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में तय किया गया कि विकास भवन से तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा सभी विकास खंडों में भी तिरंगा यात्राएं आयोजित होंगी। अटल आवासीय विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों, अन्नपूर्णा भवनों और सरकारी राशन की दुकानों पर भी ध्वजारोहण कराया जाएगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य सरकारी भवनों पर तिरंगा थीम पर विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। डीएम ने बताया कि अभियान तीन चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण (6 से 8 अगस्त) में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा थीम पर चित्रकारी, रंगोली, प्रदर्शनी और शहीद स्मारकों की साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। दूसरे चरण (9 से 12 अगस्त) में तिरंगा महोत्सव और तिरंगा मेले आयोजित होंगे, जिनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। तीसरे चरण (13 से 15 अगस्त) में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर प्रभात फेरी, तिरंगा रैली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेलों का आयोजन होगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड और अन्य संगठनों के सहयोग से तिरंगा बाइक रैली भी निकाली जाएगी। जिलाधिकारी ने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए इस अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें