महिला पत्रकारों से कथित अभद्रता पर भड़का पत्रकारों का आक्रोश

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली /आंवला। दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में दो महिला पत्रकारों के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और हिजाब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में बरेली के पत्रकारों में आक्रोश है। गुरुवार को द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मामले के विरोध में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम आंवला को सौंपा। पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश डी. यादव के निर्देशन में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि दक्षिण दिल्ली के साकेत क्षेत्र में डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म की महिला पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान कवरेज कर रही थीं। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दोनों को रोका और बाद में थाने ले जाकर उनके साथ मारपीट की। पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार करने के साथ धार्मिक पहचान और हिजाब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

ज्ञापन में कहा गया कि महिला पत्रकारों के शरीर पर चोट के निशान सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पत्रकार संगठनों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता और महिला सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों को अपना काम करने के दौरान डराने या दबाव बनाने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित महिला पत्रकारों को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

इस दौरान प्रदेश महासचिव अवधेश यादव, मंडल संरक्षक बीएस चंदेल, मंडल अध्यक्ष निवास यादव, मंडल सचिव अशोक आर्य, मंडल सदस्य अदनान खान, जिला संरक्षक सुधीर कुमार आचार्य, जिला अध्यक्ष शहंशाह, जिला उपाध्यक्ष सूरज सागर, जिला महामंत्री बबलू सागर, जिला सचिव चंदन शर्मा, जिला सदस्य अर्जुन दिवाकर, तहसील संरक्षक संत प्रसाद शर्मा, तहसील अध्यक्ष राजकमल चौहान, तहसील उपाध्यक्ष निरंजन मौर्य, रामनगर ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार, ब्लॉक उपाध्यक्ष नेत्रपाल वर्मा, मझगवां ब्लॉक अध्यक्ष रवि साहू, ब्लॉक महासचिव विपिन श्रीवास्तव, वरिष्ठ संवाददाता रंजीत बिसारिया, मोहम्मद आजाद सैफी और रितेश वर्मा समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें