67 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र बदले, कानून-व्यवस्था को लेकर SSP का बड़ा फेरबदल

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनहित और प्रशासनिक जरूरत के आधार पर तैनाती में बदलाव, थानों के साथ चौकी प्रभारियों में भी फेरबदल

अमित शर्मा /बरेली। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिसिंग में बेहतर संतुलन बनाए रखने के लिए SSP अनुराग आर्य ने गुरुवार को बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। जनपद पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के तहत 67 दरोगाओं को नई तैनाती दी गई है। इनमें थानों में तैनाती के साथ चौकी प्रभारियों का भी फेरबदल किया गया है।

तबादला सूची में रिजर्व पुलिस लाइन्स में तैनात कई दरोगाओं को विभिन्न थानों में भेजा गया है। संजय कुमार को शीशगढ़, सचिन चौधरी को इज्जतनगर, शुभम चौधरी को फतेहगंज पूर्वी, सुनील तोमर को मीरगंज, मनोज कुमार को फरीदपुर और मुकेश कुमार को आंवला भेजा गया है। वहीं कई चौकी प्रभारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।

एसएसपी के आदेश में जनहित, प्रशासनिक आवश्यकता और शिकायतों को फेरबदल का आधार बताया गया है। चौकी चौराहा, नकटिया, बिहारीपुर, सरदारनगर, लाल फाटक, रामगंगा, गैनी, बंजरिया और जिला अस्पताल समेत कई महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारियों को बदला गया है।

महिला पुलिसकर्मियों को भी थाना और महिला संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर रवाना होकर उसी दिन अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बड़े फेरबदल को जिले में पुलिसिंग को और सक्रिय, जवाबदेह और संतुलित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें