गन्ना विभाग का कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, 308 को प्रमोशन और 371 को एसीपी का लाभ

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मृतक आश्रितों को नौकरी, 1315 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू

लखनऊ। गन्ना विकास विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। विभाग ने 308 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमोशन तथा 371 कार्मिकों को वित्तीय स्तरोन्नयन (एसीपी) का लाभ देने की मंजूरी दी है। इससे कर्मचारियों के वेतन और सेवा संबंधी लाभ बढ़ेंगे।

गन्ना आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में विभाग में लंबित मामलों का निस्तारण करते हुए बड़े पैमाने पर पदोन्नति और एसीपी की कार्रवाई की गई है। प्रमोशन पाने वालों में राजपत्रित अधिकारी, खांडसारी निरीक्षक, लिपिक संवर्ग, गन्ना समितियों के कर्मचारी और वाहन चालक शामिल हैं। कुल 308 कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ मिला है।

इसके अलावा विभाग ने 371 अधिकारियों और कर्मचारियों को एसीपी का लाभ भी स्वीकृत किया है। इनमें राजपत्रित अधिकारी, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना पर्यवेक्षक, लिपिक वर्ग, खांडसारी अधिकारी और गन्ना समितियों के कर्मचारी शामिल हैं। एसीपी मिलने से संबंधित कर्मचारियों के वेतनमान में बढ़ोतरी होगी।

विभाग ने मृतक आश्रित नियुक्तियों के मामलों में भी राहत दी है। पिछले एक वर्ष में 26 और वर्ष 2017 से अब तक कुल 286 पात्र आश्रितों को नौकरी दी गई है। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा मिला है।

रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभाग ने विभिन्न संवर्गों के 1315 रिक्त पदों का अधियाचन संबंधित चयन संस्थाओं को भेजा है। इन पदों पर भर्ती होने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

गन्ना आयुक्त ने कहा कि इन फैसलों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह के साथ काम कर सकेंगे। कर्मचारियों और उनके परिवारों में भी खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें