नई वीसी बोलीं- पारदर्शिता, समयबद्धता और बेहतर नागरिक सुविधाएं होंगी प्राथमिकता
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को शनिवार को नया नेतृत्व मिल गया। आईएएस अधिकारी सौम्या पाण्डेय ने उपाध्यक्ष (वीसी) का कार्यभार संभालते ही स्पष्ट कर दिया कि शहर के विकास कार्यों में अब गति और गुणवत्ता दोनों दिखाई देंगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा कराना, नई विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सौम्या पाण्डेय ने प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तेजी से विस्तार कर रहे बरेली को सुनियोजित विकास की जरूरत है। शहर का विकास केवल सड़कें, भवन और कॉलोनियां बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को बेहतर यातायात, स्वच्छ वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और व्यवस्थित शहरी ढांचा उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बरेली को स्मार्ट और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। विकास परियोजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे और शहर की तस्वीर तेजी से बदले।
नई वीसी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि हर परियोजना की नियमित समीक्षा की जाएगी। लापरवाही और अनावश्यक देरी को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी संतोष यादव, पारस शर्मा समेत प्राधिकरण के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
शहर को नई उम्मीद
बीडीए में नए नेतृत्व के आगमन के साथ शहरवासियों को उम्मीद है कि ग्रेटर बरेली, रुद्र वनम, सेंट्रल पार्क, रामायण वाटिका सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी। लंबे समय से जिन योजनाओं का इंतजार किया जा रहा है, उनके पूरा होने की उम्मीद अब और मजबूत हो गई है। शहर के सुनियोजित विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह बदलाव एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













