पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, परिवार बोला- इंसाफ नहीं मिला तो गांव छोड़ देंगे; वायरल वीडियो की जांच शुरू
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अटापट्टी जनूबी गांव में पड़ोसी विवाद ने तूल पकड़ लिया है। एक परिवार ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उनके घर के गेट के सा-जाने का रास्ता बंद कर दिया। विरोध करने पर उनके खिलाफ ही छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए एसएसपी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। साथ ही न्याय नहीं मिलने पर गांव छोड़ने की चेतावनी दी है।
पीड़ित सुरजीत सिंह का कहना है कि करीब दो महीने पहले पड़ोस की एक महिला ने उनके घर के सामने जबरन नाला खुदवा दिया था। इसकी शिकायत भोजीपुरा पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। आरोप है कि अदालत से विपक्षी पक्ष को नोटिस मिलने के बावजूद 9 जुलाई को उनके घर के सामने का फर्श तोड़कर दीवार बनाई जाने लगी।
सुरजीत सिंह का आरोप है कि विरोध करने पर उनकी महिला रिश्तेदार के साथ मारपीट की गई। इसके बाद विपक्षी पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर उनके खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज करा दिया। उनका कहना है कि पुलिस ने उन्हें शांतिभंग में पकड़कर थाने में बैठाए रखा और इसी दौरान आरोपियों ने दीवार पूरी कर दी।
घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में घर के सामने फर्श तोड़ने और विवाद का दृश्य दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में पीड़ित परिवार खुद को डरा-सहमा बताते हुए न्याय की गुहार लगा रहा है। परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे गांव छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।













