परिजनों ने लगाया बर्बरता का आरोप, पुलिस बोली- नशे में खुद शीशा तोड़कर हुआ घायल
बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक का दाहिना हाथ गंभीर रूप से कटने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। युवक को खून से लथपथ हालत में भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर बर्बरता और लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक ने नशे की हालत में खुद ही थाने में लगे शीशे पर हाथ मार दिया था, जिससे वह घायल हुआ।
चंदपुर बिचपुरी गांव निवासी लज्जावती ने बताया कि उनका बेटा अनिल शाम को ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव की एक महिला मिली, जिसे उसने बाइक से घर छोड़ने की बात कही। आरोप है कि किसी गलतफहमी के चलते महिला ने डायल 112 पर छेड़छाड़ की सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस रात में अनिल को घर से थाने ले गई।
परिजनों का आरोप है कि जब वे रात में अनिल की जानकारी लेने थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनसे अभद्रता की और थाने से बाहर कर दिया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने बताया कि अनिल को चोट लग गई है और उन्हें एसआरएमएस अस्पताल ले गई। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि अनिल का दाहिना हाथ गंभीर रूप से कटा हुआ था और वह खून से लथपथ था। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन शुरू किया, जो देर रात तक चलता रहा।
लज्जावती का आरोप है कि पुलिस ने हाथ काटने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने इसकी अनुमति नहीं दी। उनका कहना है कि हिरासत में उनके बेटे के साथ क्या हुआ, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
वहीं, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि एक महिला की शिकायत पर पीआरवी 112 अनिल को थाने लाई थी। उस समय वह अत्यधिक शराब के नशे में था। पुलिस के अनुसार, थाने में उसने नशे की हालत में शीशे पर जोर से हाथ मार दिया, जिससे शीशा टूटकर उसके हाथ में घुस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर अनिल के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में घायल होने की घटना की भी जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













