NCAP कार्यों में लापरवाही पर डीएम अविनाश सिंह सख्त, अधूरे प्रोजेक्ट जल्द पूरे करने के निर्देश

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई सड़कों के किनारे होगा वृक्षारोपण, ट्री गार्ड लगाने और 15 दिन बाद दोबारा समीक्षा के आदेश।

बरेली। जिले में वायु गुणवत्ता सुधार और शहरी विकास से जुड़े एन-कैप (NCAP) कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों को अधूरे प्रोजेक्ट प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का निष्पादन अभी बाकी है, उनके टेंडर तत्काल तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम पूरा कराया जाए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लंबित सड़क परियोजनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने कहा कि जिन नई सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, उनके दोनों ओर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाएं, ताकि हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य भी पूरा हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पूर्ण और प्रगति पर चल रहे कार्यों का विवरण संबंधित पोर्टल पर समय से अपलोड किया जाए, जिससे योजनाओं की नियमित निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को पूर्ण हो चुके कार्यों का सत्यापन टीम गठित कर कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने वन विभाग को भी निर्देशित किया कि मियावाकी पद्धति के तहत जिन स्थानों पर अभी तक वृक्षारोपण नहीं हुआ है, वहां तत्काल डीपीआर तैयार कर शत-प्रतिशत पौधरोपण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में डीएम अविनाश सिंह ने सभी विभागों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा और स्पष्ट किया कि 15 दिन बाद फिर समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाएगा।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें