अमित शर्मा / बरेली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा के साथ सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भी राष्ट्रीय पर्व उत्साह और गौरव के साथ मनाया। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की आजादी के पर्व को पूरी गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया।
समारोह के दौरान एडीजी रमित शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा पुलिस बल की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना ही पुलिस की पहचान है। कार्यक्रम में एडीजी स्टाफ अफसर डीके रॉय,पीआरओ अशोक यादव सहित बरेली जोन का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ने समारोह को भावनात्मक और गौरवपूर्ण बना दिया। पुराने और वर्तमान पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और विभाग से जुड़ी पुरानी स्मृतियां भी साझा कीं।
समारोह के दौरान राष्ट्रभक्ति का माहौल रहा।पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प भी दोहराया।














