कप्तान के दर पर महिला ने डीजल उड़ेलकर किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। एसएसपी कार्यालय के बाहर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने खुद पर डीजल उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और बड़ा हादसा टाल दिया।

महिला की पहचान मीना के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि वह लंबे समय से अपनी शिकायत को लेकर पुलिस और अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इसी से परेशान होकर वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और विरोध में यह कदम उठाने की कोशिश की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने साथ डीजल लेकर आई थी। उसने अचानक अपने ऊपर डीजल उड़ेल लिया और आग लगाने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे काबू में कर लिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए एसएसपी कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस महिला को पहले एसपी साउथ अंशिका वर्मा के कार्यालय ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद उसे महिला थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

महिला का कहना है कि कुछ समय पहले उस पर और उसके बेटे पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई न होने पर उसने आत्मदाह का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत और उसके लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद एसएसपी कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था भी और सतर्क कर दी गई।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें