बरेली: नगर निगम की ओर से बुधवार को ‘समाधान कैंप अभियान’ के तहत जोन-4 के वार्ड-23 स्थित इंद्रा नगर में शिविर आयोजित किया गया. शिविर में गृहकर और जलकर से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया. इस दौरान 15 करदाताओं की बिल संबंधी त्रुटियों का समाधान किया गया.
नगर निगम के अनुसार शिविर में कुल 178 करदाताओं ने अपने बकाया कर का भुगतान करते हुए निगम कोष में 20,88,825 रुपये जमा कराए. अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य करदाताओं को बिल संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना और कर भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना है.
नगर निगम ने बताया कि समाधान शिविर अभियान शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार आयोजित किया जाएगा. करदाताओं से अपील की गई है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाकर समय पर कर जमा करें, ताकि ब्याज और जुर्माने से बच सकें. साथ ही निगम की विकास योजनाओं को भी गति मिल सके.













