बरेली को मिली डबल उड़ान की सौगात: अब जेवर और दिल्ली से सीधे जुड़ेगा शहर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार बोले- व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, लाखों यात्रियों को होगा सीधा लाभ

बरेली। बरेली के लिए हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ा तोहफा मिला है। अब शहर सीधे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दिल्ली से हवाई मार्ग से जुड़ जाएगा। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने इसे बरेली मंडल के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि नई हवाई सेवाओं से व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सीधा और तेज संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली-जेवर उड़ान केवल बरेली ही नहीं बल्कि बदायूं, पीलीभीत, पंतनगर, लखीमपुर खीरी सहित आसपास के कई जिलों के यात्रियों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगी। अब यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट पहुंचने के लिए लंबी सड़क यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार बरेली-जेवर उड़ान सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार) संचालित होगी। विमान सुबह 10:30 बजे जेवर से उड़ान भरकर 11:20 बजे बरेली पहुंचेगा, जबकि बरेली से दोपहर 12:05 बजे रवाना होकर 1:00 बजे जेवर पहुंचेगा। वहीं 2 जुलाई से बरेली-दिल्ली हवाई सेवा भी दोबारा शुरू हो रही है। यह सेवा मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। दिल्ली से दोपहर 1:35 बजे उड़ान भरने वाला विमान 2:36 बजे बरेली पहुंचेगा, जबकि बरेली से 3:00 बजे रवाना होकर शाम 4:05 बजे दिल्ली पहुंचेगा।

खास बात: बरेली से जेवर के लिए सप्ताह में 4 दिन उड़ान। 2 जुलाई से दिल्ली के लिए सप्ताह में 3 दिन हवाई सेवा। व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा। आसपास के कई जिलों के यात्रियों को भी मिलेगा सीधा लाभ। समय और यात्रा खर्च में होगी बड़ी बचत।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें