बरेली से मुंबई-इंदौर जाना होगा मुश्किल, एक महीने तक दो अहम ट्रेनें रद्द

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली: अगर जुलाई में बरेली से मुंबई या इंदौर जाने की योजना है तो सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें. बरेली जंक्शन के यार्ड में 30 दिन के मेगा ब्लॉक के कारण लंबी दूरी की दो प्रमुख ट्रेनों को एक महीने के लिए निरस्त कर दिया गया है. इसके साथ ही दोनों ट्रेनों की टिकट बुकिंग भी बंद कर दी गई है. इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है और दूसरी ट्रेनों में सीटों की मांग अचानक बढ़ने लगी है.

रेलवे के अनुसार जंक्शन के यार्ड में वाशिंग लाइन संख्या 36 और 37 की मरम्मत और अपग्रेडेशन का कार्य किया जाएगा. इसके लिए 5 जुलाई से 3 अगस्त तक मेगा ब्लॉक रहेगा. इसी वजह से 14313/14314 बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 11 जुलाई से 3 अगस्त तक और 14319/14320 बरेली-इंदौर एक्सप्रेस 8 जुलाई से 30 जुलाई तक रद्द रहेगी.

इन ट्रेनों की बुकिंग बंद होने के बाद मुंबई रूट पर चलने वाली रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस और काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना होगा.

मेगा ब्लॉक का असर सिर्फ लंबी दूरी की ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा. 54075/54076 बरेली-दिल्ली पैसेंजर भी 5 जुलाई से 3 अगस्त तक निरस्त रहेगी. वहीं 11 जुलाई को बरेली-चंदौसी रेलखंड पर पुल संख्या तीन की मरम्मत के लिए नौ घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा. इसके चलते 64177/64178 मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर भी उस दिन रद्द रहेगी.

हालांकि यात्रियों को आंशिक राहत देते हुए रेलवे ने लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस और इंदौर-बरेली एक्सप्रेस को कुछ तारीखों में विशेष रूप से चलाने का फैसला किया है. 14313 लोकमान्य तिलक-बरेली एक्सप्रेस 13 और 20 जुलाई को तथा 14319 इंदौर-बरेली एक्सप्रेस 16 जुलाई को परिवर्तित मार्ग बीना-गुना-ग्वालियर होकर संचालित होगी.

उधर, रेल परिचालन पहले से ही प्रभावित है. मंगलवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, उपासना एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, अमृतसर-सहरसा गरीब रथ और जम्मूतवी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें चार से छह घंटे तक देरी से चलीं. इससे कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गईं और उन्हें स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा.

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें