बरेली। स्वतंत्रता दिवस और ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में बरेली में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार अभियान को जन-जन का उत्सव बनाया जाएगा, जिससे नागरिकों में राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।
अभियान के तहत जिलेभर में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। 15 अगस्त को सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी होगा।
डीएम ने सभी विभागों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम नागरिकों से भी ध्वज संहिता का पालन करते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक संस्थानों पर तिरंगा फहराने की अपील की है।
अभियान को डिजिटल माध्यम से भी व्यापक बनाया जाएगा। इसके तहत ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े वीडियो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे। स्कूलों और महाविद्यालयों में विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे, ताकि युवा वर्ग बढ़-चढ़कर इस राष्ट्रव्यापी अभियान से जुड़ सके। जिला प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देकर राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करना है।











