सड़क, रोशनी, मेडिकल कैंप, मोबाइल चार्जिंग हब और सेल्फी प्वाइंट समेत विशेष व्यवस्थाओं का ऐलान
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने शुक्रवार को पत्रकारों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों और प्राधिकरण की विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार पहली बार बीडीए कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वागत के लिए बड़े स्तर पर विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।
उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर सड़क चौड़ीकरण, मरम्मत, समतलीकरण, जल निकासी, साफ-सफाई और हाईमास्ट व अन्य स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था कराई जा रही है। यातायात में बाधा बनने वाले अवरोध भी हटाए जा रहे हैं। सभी कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बीडीए शहर के चारों प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक पुष्प सज्जा, विद्युत रोशनी और शिवमय थीम से सजा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे और पूरे मार्ग पर भगवान शिव के भजनों से धार्मिक वातावरण तैयार किया जाएगा।
सौम्या पांडे ने बताया कि कछला की ओर से आने वाले कांवड़ियों का स्वागत बदायूं रोड स्थित तपेश्वरनाथ (मढ़ीनाथ) द्वार पर तथा हरिद्वार की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत रामपुर रोड स्थित अवैद्यनाथ द्वार पर 16 और 17 अगस्त को भव्य रूप से किया जाएगा।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए भंडारा, विश्राम स्थल, मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल चार्जिंग हब, शुद्ध पेयजल और अंगवस्त्र वितरण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में सौम्या पांडे ने बीडीए की विभिन्न विकास योजनाओं और शहर में चल रही अवस्थापना परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए बरेली का सुनियोजित विकास करना है।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने कांवड़ यात्रा, ट्रैफिक प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव दिए। उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है और पत्रकारों के रचनात्मक सुझावों को योजनाओं में शामिल किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीडीए भविष्य में भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाता रहेगा।














