बरेली। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक में गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह का सख्त रुख देखने को मिला। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक के दौरान कई बैंकों में बड़ी संख्या में ऋण आवेदन लंबित मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और साफ कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजना में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बैंकवार ऋण स्वीकृति की समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई शाखाओं में आवेदन लंबे समय से लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र युवाओं को समय पर ऋण मिल सके।
डीएम ने शाखा प्रबंधकों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजना में खराब प्रदर्शन करने वाली शाखाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को भी निर्देश दिए कि लक्ष्य के मुकाबले प्रगति बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत किए जाएं, उनकी जानकारी बिना देरी के पोर्टल पर अपडेट की जाए, ताकि योजना की वास्तविक प्रगति की सही निगरानी हो सके।बैठक में उपायुक्त उद्योग विकास यादव, एलडीएम तथा सभी बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।












