झुका बिजली का पोल बना खतरा, पार्षद ने ऊर्जा मंत्री से लगाई गुहार

bareilly

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेलीः आजम नगर चौराहे पर झुका और जर्जर हो चुका बिजली का पोल अब स्थानीय लोगों के लिए खतरे की घंटी बन गया है. क्षेत्रीय पार्षद जयप्रकाश राजपूत ने इस मामले को लेकर ऊर्जा मंत्री और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.

पार्षद के अनुसार आजम नगर चौराहे पर स्थित पोल संख्या AZ/3 काफी पुराना और जर्जर हो चुका है. पोल एक ओर झुक गया है और फिलहाल बिजली के तारों के सहारे किसी तरह खड़ा है. हाल के दिनों में आए आंधी-तूफानों में जिले के कई हिस्सों में बिजली के पोल गिरने और हादसे होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे में स्थानीय लोगों में डर का माहौल है कि यदि यह पोल गिरा तो बड़ा हादसा हो सकता है.

पार्षद ने अपने पत्र में कहा है कि क्षेत्रवासियों और उनके द्वारा कई बार मौखिक व लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में पोल गिरने से किसी व्यक्ति, पशु या संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की होगी.

एक खंभा नया, दूसरा बेकार फिर भी खड़ा
मामला सिर्फ जर्जर पोल तक सीमित नहीं है. पार्षद ने पत्र में टेढ़ी पकड़िया क्षेत्र की भी समस्या उठाई है. यहां लक्ष्मण कश्यप के मकान के पास विभाग ने नया पोल लगा दिया, लेकिन पुराना सीमेंट का खंभा अब भी सड़क किनारे खड़ा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खंभा आवागमन में बाधा बन रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ा रहा है.

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी न तो पुराना खंभा हटाया गया और न ही कोई सुनवाई हुई. इससे लोगों में विभाग के प्रति असंतोष बढ़ रहा है.

ये हैं प्रमुख मांगें-

  • आजम नगर चौराहे के जर्जर पोल संख्या AZ/3 का तत्काल निरीक्षण कराया जाए.
  • पुराने पोल को हटाकर नया बिजली का पोल लगाया जाए.
  • संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए सुरक्षा जांच कराई जाए.
  • टेढ़ी पकड़िया क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खड़े पुराने सीमेंट के खंभे को हटाया जाए.
  • मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई की जाए.

लोगों में हादसे का डर
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात और तेज हवा के मौसम में झुका हुआ पोल कभी भी गिर सकता है. चौराहा होने के कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है. यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है. पार्षद ने कहा कि यह सिर्फ एक पोल का मामला नहीं बल्कि जनसुरक्षा का मुद्दा है. उन्होंने विभाग से जल्द कार्रवाई कर क्षेत्रीय जनता को राहत देने की मांग की है. फिलहाल लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग चेतावनी को गंभीरता से लेता है या फिर किसी हादसे का इंतजार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- यह भी पढ़ें- SRMS मेडिकल कॉलेज या मौत का हॉस्टल? 16 साल में 9वीं बड़ी घटना ने फिर खड़े किए सवाल

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें