हेड ऑफिस का कर्मचारी बनकर किया फोन, दो ट्रांजेक्शन में खाते से निकाली रकम
बरेली/भोजीपुरा। साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 98,400 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
धौराटांडा निवासी तफसीर अहमद ने पुलिस को बताया कि वह एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड धारक है। नौ जून की शाम करीब साढ़े छह बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक के हेड ऑफिस का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कही।
आरोप है कि बातचीत के दौरान ठग ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर ओटीपी मांगा। ओटीपी बताते ही कुछ ही मिनटों में उसके क्रेडिट कार्ड से दो ट्रांजेक्शन कर लिए गए। पहली ट्रांजेक्शन में 49,200 रुपये और दूसरी में 49,200 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 98,400 रुपये की रकम कट गई।
मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का संदेश आने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने तत्काल एक्सिस बैंक के कस्टमर केयर पर संपर्क कर क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित की तहरीर पर भोजीपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन और कॉल करने वाले नंबर की जांच कर रही है।
सावधान रहें
बैंक या किसी वित्तीय संस्था का कर्मचारी कभी भी फोन पर ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड या कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। ऐसे कॉल आने पर तुरंत सतर्क रहें और किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा न करें।













