बरेली। जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की GIC प्रवक्ता परीक्षा शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गई। परीक्षा में पंजीकृत 11,041 अभ्यर्थियों में से 3,929 अभ्यर्थी ही शामिल हुए, जबकि 7,112 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरे समय सतर्क रहा।
परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई। अभ्यर्थियों को सुबह 7:45 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति मिली। सुबह 9 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया।
परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी।
छात्रों ने कहा- पेपर सामान्य और संतुलित रहा
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य से मध्यम स्तर का बताया। कई छात्रों का कहना था कि प्रश्नों का स्तर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मूल अवधारणाओं से जुड़ा हुआ था, जिससे तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने में अधिक परेशानी नहीं हुई।
अभ्यर्थियों ने बताया कि विषय से जुड़े प्रश्नों के साथ सामान्य जानकारी और अवधारणात्मक प्रश्न भी पूछे गए। अधिकांश परीक्षार्थियों ने पेपर को संतुलित और अपेक्षा के अनुरूप बताया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सभी 25 केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।
ये भी देखें-:













