बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र में मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे एक युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी चांदमारी निवासी विशाल कश्यप ने पुलिस को बताया कि 12 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे वह रामगंगा की ओर से बरेली लौट रहा था। बीडीए गेट से कुछ पहले, जहां पुल के पिलरों का निर्माण कार्य चल रहा है, वह अपने मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया।
घटना के बाद युवक ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे तेज रफ्तार से फरार हो गए। लूटा गया मोबाइल मोटोरोला कंपनी का बताया गया है। पीड़ित ने थाना सुभाषनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।













