बिथरी में चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; सांड, तमंचे-कारतूस और वध के उपकरण बरामद
बरेली। बिथरी थाना पुलिस ने गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी कर रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दबिश के दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह मुखबिर ने सूचना दी कि परसोना नहर से पहले कुछ लोग गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बिथरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो नसीम निवासी परसोना और राशिद निवासी जगतपुर गोटिया, बारादरी के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने मौके से जुनेद निवासी कुतुब शाह की जारत और मोहम्मद फजर निवासी परसोना को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं मोहम्मद कासिम कुरैशी निवासी मोहल्ला कोट मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पूछताछ में सामने आया पशु उपलब्ध कराने वाले का नाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गोवंशीय पशु उन्हें परसोना निवासी शाकिर खान ने उपलब्ध कराया था। पुलिस अब शाकिर खान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। मौके से पुलिस ने एक सांड, अवैध असलहा, कारतूस और पशु वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा-कारतूस और वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।














