सीता की रक्षा वाले जटायु अब बरेली में देंगे नारी सम्मान का संदेश

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आदीनाथ चौक के पास 10 हजार वर्गमीटर में बनेगा अनूठा उद्यान, विशाल प्रतिमा के साथ संकल्प प्रांगण और शक्ति पथ भी होगा

बरेली। नाथ नगरी में अब जटायु की वीरता नारी सम्मान का संदेश देती नजर आएगी। नाथ कॉरिडोर के तहत आदीनाथ चौक के पास करीब 10 हजार वर्गमीटर जमीन पर जटायु उद्यान विकसित किया जाएगा। उद्यान में जटायु की विशाल प्रतिमा केंद्र में होगी। इसे इस तरह तैयार किया जाएगा कि यहां पहुंचने वाले लोगों को माता सीता की रक्षा के लिए जटायु के संघर्ष और बलिदान की कहानी के साथ नारी सम्मान व सुरक्षा का संदेश भी मिले।

जटायु ने रावण से युद्ध करते हुए माता सीता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। इसी प्रसंग को आधार बनाकर उद्यान की पूरी परिकल्पना तैयार की गई है। यहां संकल्प प्रांगण बनाया जाएगा, जहां लोग नारी की गरिमा और सुरक्षा का संकल्प ले सकेंगे।

शक्ति पथ से वीरांगना चौक तक दिखेगी नारी शक्ति

उद्यान में शक्ति पथ पर प्रेरक संदेश और कलात्मक प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। शक्ति रंगमंच पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और संवाद होंगे। वीरांगना चौक और वीरांगना उद्यान समाज और देश के लिए उल्लेखनीय काम करने वाली महिलाओं को समर्पित रहेंगे।

फव्वारों और रोशनी से सजेगी जटायु की प्रतिमा

उद्यान के बीच विशाल जटायु प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके आसपास फव्वारे, जल तत्व और विशेष प्रकाश व्यवस्था होगी। बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, परिवारों के बैठने की जगह और भोजन प्रांगण भी बनाया जाएगा। इससे उद्यान शहरवासियों के साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकेगा।

नाथ कॉरिडोर की शक्ति अवधारणा से जुड़ेगा

नाथ परंपरा में मां पार्वती को शक्ति का स्वरूप माना गया है। इसी शक्ति भाव को जटायु के साहस और नारी रक्षा के संदेश से जोड़कर उद्यान तैयार किया जा रहा है। बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि उद्देश्य ऐसा प्रेरणा स्थल तैयार करना है, जहां आने वाला हर व्यक्ति नारी सम्मान और सुरक्षा का संदेश लेकर जाए। रक्षाबंधन पर यहां नारी सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने की परंपरा शुरू करने की भी योजना है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें